नई दिल्ली। हर महीने की तरह मार्च 2026 की शुरुआत भी आम लोगों के लिए कई अहम बदलाव लेकर आई है। इन बदलावों का सीधा असर घरेलू बजट, यात्रा व्यवस्था और डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा पर पड़ेगा। गैस की कीमतों से लेकर रेलवे टिकटिंग सिस्टम और सिम बाइंडिंग जैसे नियमों में परिवर्तन लागू किए जा रहे हैं।

LPG और CNG कीमतों में बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाती है। फिलहाल घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 31 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत पर असर पड़ सकता है। वहीं CNG की कीमतों में भी संशोधन की संभावना जताई गई है, जिसका प्रभाव परिवहन खर्च पर देखने को मिल सकता है।

रेलवे टिकटिंग सिस्टम में बदलाव

भारतीय रेल ने अनारक्षित टिकटिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब पुराना UTS एप बंद कर दिया गया है। 1 मार्च से यात्रियों को जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल ट्रेनों की टिकट बुकिंग के लिए नए ‘RailOne’ एप का उपयोग करना होगा। नए एप में टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने का दावा किया गया है।

सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू

डिजिटल फ्रॉड पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 1 मार्च से सिम बाइंडिंग नियम लागू किया है। इस नियम के तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग एप्स को उपयोगकर्ता के मोबाइल सिम से लिंक किया जाएगा। यदि फोन से सिम निकाल दिया जाता है, तो संबंधित एप्स काम करना बंद कर देंगे। यह कदम ऑनलाइन धोखाधड़ी और अनधिकृत उपयोग को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मार्च महीने में लागू इन बदलावों का असर आम नागरिकों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ तौर पर दिखाई देगा। ऐसे में लोगों को नए नियमों की जानकारी रखकर अपनी योजनाएं बनानी होंगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!