


अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सरगुजा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना गांधीनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में संलिप्त एक आदतन आरोपी के खिलाफ PIT NDPS Act 1988 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी प्रदीप गाईन उर्फ मदन गाईन (47 वर्ष), निवासी सुभाषनगर होली क्रॉस के पीछे, थाना गांधीनगर अंबिकापुर लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल था। आरोपी के खिलाफ पहले भी नकबजनी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उसे निगरानी बदमाश की सूची में भी शामिल किया गया था।
बताया गया कि आरोपी जमानत पर छूटने के बाद भी लगातार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय था और युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर ऐसे आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध PIT NDPS Act 1988 की धारा 3(1) के तहत डिटेंशन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी संभागायुक्त सरगुजा संभाग के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले पर विचार के बाद संभागायुक्त ने स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ व्यापार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 10 के तहत आरोपी को 3 माह के लिए जेल हिरासत में निरुद्ध करने का आदेश जारी किया। आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी और आरक्षक घनश्याम देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































