


अंबिकापुर: अंबिकापुर में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने दर्रीपारा की कुख्यात ब्राउन शुगर तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में उसके दो सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दर्रीपारा स्थित गुड़िया के घर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बिक्री के लिए रखे गए हैं। सूचना के आधार पर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही आरोपी गुड़िया झोला लेकर भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला सैनिक ने उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उसके पास से 106 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 72 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में गुड़िया ने बताया कि वह ये नशीले इंजेक्शन दर्रीपारा निवासी मनु श्रीवास्तव और सुंदरलाल कुर्रे से खरीदती थी। उसके बयान के आधार पर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) अंबिकापुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।आबकारी विभाग के अनुसार गुड़िया पिछले 15-20 वर्षों से अंबिकापुर में नशीले पदार्थों के कारोबार में सक्रिय रही है और पहले भी कई बार जेल जा चुकी है। हाल के समय में वह ब्राउन शुगर के बजाय नशीले इंजेक्शन की बिक्री कर रही थी।
यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक चंद्रावती और नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से अंबिकापुर में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर काफी हद तक रोक लगेगी।

































