


महाशिवरात्रि 2026 : के पावन अवसर पर देशभर के शिव मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना और अभिषेक कर भोलेनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
झारखंड के देवघर स्थित श्री बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यहां मुख्य शिखर पर मोर मुकुट बांधने की प्राचीन परंपरा निभाई जा रही है। यह विशेष श्रृंगार भगवान शिव को दूल्हे के रूप में दर्शाता है।
वहीं काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हुए। रात 1 बजे से ही भक्तों की लंबी लाइन लग गई। शाम तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। लोग जल और प्रसाद लेकर दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।
प्रयागराज में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने हाई-सिक्योरिटी इंतजाम किए हैं। UP ATS की मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें माघ मेला 2026 क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।
इधर महाकाल मंदिर में भी महाशिवरात्रि 2026 पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। उज्जैन में एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा है। जय श्री महाकाल और हर-हर महादेव के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
































