

LPG : Crisis के चलते इंदौर शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी कमी बनी हुई है। हर दिन करीब ढाई हजार सिलेंडरों की मांग के मुकाबले सिर्फ 200 से 250 सिलेंडर ही रीफिल हो पा रहे हैं। इनमें भी प्राथमिकता अस्पताल, सरकारी मेस और स्कूलों को दी जा रही है, जिससे होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इस LPG Crisis के कारण शहर के अधिकांश होटल-रेस्टोरेंट अब भट्टियों, इंडक्शन और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों पर निर्भर हो गए हैं। इससे उनके संचालन की लागत भी बढ़ रही है और कामकाज प्रभावित हो रहा है।
हालांकि, घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। प्रशासन का दावा है कि हर दिन करीब 35 हजार घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा के अनुसार, पिछले 10 दिनों में लगभग 3.63 लाख सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से वितरित किए गए, जो सामान्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक है। अब उपभोक्ताओं को बुकिंग के 3 से 5 दिन के भीतर सिलेंडर मिल रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि शादी-ब्याह और अन्य मौसमी कार्यक्रमों के कारण कमर्शियल सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिससे सप्लाई पर दबाव पड़ता है। यही वजह है कि LPG Crisis फिलहाल गहराया हुआ है।
फूड कंट्रोल विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सप्लाई बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार होगा। फिलहाल जहां घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है, वहीं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

































