

जशपुर: जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर केराडीह में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने ही रची थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुनील राम की पत्नी मीरा बाई ने अपने परिजनों को बुलाकर सुनील राम के साथ मारपीट करवाई थी। इस घटना के दो दिन बाद गंभीर चोटों के कारण सुनील राम की मौत हो गई।मामले की शुरुआत 4 मार्च 2026 को हुई, जब मृतक की मां पार्वती बाई ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे सुनील राम ने करीब छह महीने पहले प्रेम संबंध के चलते मीरा बाई को भगाकर अपने साथ रखा था। 1 मार्च को सुनील ने घर आकर बताया था कि उसकी पत्नी और उसके रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट की है।घटना के दो दिन बाद सुनील राम को अचानक शरीर में तेज दर्द होने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण मृत्यु की पुष्टि होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों मीरा बाई, मुनिया बाई, मीना बाई, पुष्पा बाई और शंकर राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मीरा बाई ने ही अपने रिश्तेदारों को बुलाकर सुनील राम के साथ मिलकर मारपीट की थी।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 190 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के उप निरीक्षक विवेक भगत, संतोष तिवारी, एएसआई उमेश प्रभाकर सहित अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































