

लखनपुर। प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोसगा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर रखे चावल और शक्कर की चोरी कर ली। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोसगा में शंभू समूह के माध्यम से शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन किया जाता है। गांव में करीब 800 राशन कार्डधारी हितग्राही हैं, जिनमें से अक्टूबर माह में 627 हितग्राहियों को राशन का वितरण किया गया था, जबकि लगभग डेढ़ सौ हितग्राहियों को वितरण बाकी था।दीपावली पर्व एवं शक्कर की कमी के कारण 19 से 22 अक्टूबर तक दुकान बंद रखी गई थी। 23 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब ट्रक राशन लेकर दुकान पहुंचा, तो समूह के सदस्यों ने देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जांच करने पर पाया गया कि लगभग 77.78 क्विंटल चावल और 5.35 क्विंटल शक्कर चोरी हो गई है।चोरी की जानकारी मिलते ही समूह के सदस्यों ने तत्काल लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लखनपुर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।






















