


CG News: रायगढ़ क्षेत्र के डोंगरगढ़ ब्लॉक में एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि देशी शराब के पौवे में कीड़ा तैर रहा है। मामला कटली गांव स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान से संबंधित है। शराब प्रेमी ने पैकेज खोलते समय पौवे में कीड़े को देखा और उसका वीडियो बना लिया, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया।
स्वास्थ्य और गुणवत्ता पर सवाल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है, और उसमें कीड़ा होने से इसके दुष्प्रभाव और बढ़ जाते हैं। स्थानीय विधायक ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय शराबबंदी की बातें की गईं, लेकिन अब शराब दुकानों की संख्या बढ़ रही है और नीति बदली जा रही है, जबकि शराब की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
आबकारी विभाग का बयान
डोंगरगढ़ आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह ने वीडियो के संबंध में कहा कि दिखाई जा रही शराब हमारी किसी भी दुकान की नहीं है। उन्होंने मीडिया को सलाह दी कि वीडियो में दिखाए गए होलोग्राम और QR कोड से संबंधित जानकारी के लिए सीधे बोतल की जांच की जाए।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह पहला मामला नहीं है जब डोंगरगढ़ आबकारी विभाग विवादों में आया हो। पहले ग्राम करवारी में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब डंप होने के मामले में विभाग की लापरवाही सामने आई थी, और तत्कालीन प्रभारी को निलंबित किया गया था। अब यह देखना बाकी है कि आबकारी विभाग उच्च अधिकारी इस बार आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में कौन से कदम उठाते हैं।
































