

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ बड़ी घटना सामने आई। परीक्षा देने जा रही छात्रा को एक युवक ने बहला-फुसलाकर अपहरण कर ओडिशा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना पत्थलगांव के चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र का है।
परीक्षा देने निकली थी, तभी हुआ अपहरण
जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी को कोल्हेंझरिया के ग्रामीणों ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 10वीं कक्षा की बेटी 24 फरवरी को सुबह 8 बजे सहेलियों के साथ परीक्षा देने स्कूल गई थी।
सुबह 9 बजे स्कूल के शिक्षक ने परिजनों को फोन करके बताया कि छात्रा परीक्षा में शामिल नहीं हुई है।
परिजनों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। छात्राओं से पूछताछ में पता चला कि छात्रा स्कूल जाने के दौरान कह रही थी कि "तुम लोग पहले पहुँच जाओ, मैं कुछ देर में आती हूं", इसके बाद वह स्कूल नहीं पहुंची।
पुलिस की तत्परता से हुई बरामदी
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत बालिका की खोजबीन शुरू की। जांच में पता चला कि एक युवक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
पुलिस ने जशपुर जिले से सटे ओडिशा के एक गाँव में दबिश देकर आरोपी इष्टा राणा को हिरासत में लिया और छात्रा को सकुशल जशपुर लौटाया।
फोन से हुई दोस्ती और धोखा
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि आरोपी इष्टा राणा से उसकी फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। राणा ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ओडिशा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस मामले में चौकी प्रभारी और स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस इस घटना की आगे की जांच कर रही है।

































