

छत्तीसगढ़ : नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़े कैडर की महिला नक्सली को मार गिराया गया है।
मृत नक्सली की पहचान एसीएम रैंक की रंगाबोइना भाग्या उर्फ रूपी के रूप में हुई है, जिस पर 4 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह जानकारी एसपी निखिल राखेचा ने दी।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी छोटेबेठिया क्षेत्र में नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एसीएम रैंक की नक्सली रूपी मारी गई।
बस्तर की आखिरी बड़ी नक्सली मानी जा रही थी
बताया जा रहा है कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय बड़े कैडर की अंतिम प्रमुख महिला नक्सली मानी जा रही थी। उसके मारे जाने से नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है।
लंबे समय से थी सक्रिय
रूपी की पहचान सुगुलुरी चिन्नाना उर्फ विजय की पत्नी के रूप में भी हुई है। वह माड़ डिवीजन में डीवीसीएम स्तर पर सक्रिय थी और साल 2004 से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी। यानी करीब दो दशकों से अधिक समय से वह नक्सली गतिविधियों में शामिल थी।
इलाके में सर्चिंग तेज
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि आसपास अन्य नक्सलियों की मौजूदगी हो सकती है, जिसे देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

































