


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना शंकरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कोठली लेफुआटोली गांव में एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी सकुल राम चेरवा (25 वर्ष) निवासी कोठली (लेफुआटोली) ने 22 फरवरी 2026 को थाना उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 फरवरी की रात्रि लगभग 8 बजे उसका चचेरा भाई बीरकुवंर चेरवा उसके घर आया और दरवाजा खुलवाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने पिता को मार डाला है।सूचना पर जब परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो उसके पिता हवल चेरवा घर के ढाबे में खून से लथपथ पड़े मिले। उनके सिर, दाहिने कान और घुटने के पास गंभीर चोटें थीं। परिजनों द्वारा तत्काल शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी बीरकुवंर चेरवा अपनी पत्नी गोपी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना की शाम उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर घर से चली गई। घर लौटने पर पत्नी के नहीं मिलने पर आरोपी ने अपने पिता से पूछताछ की और आरोप लगाते हुए लकड़ी के गेड़ा से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण हवल चेरवा की मृत्यु हो गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी बीरकुवंर चेरवा पिता हवल चेरवा (30वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
































