अंबिकापुर: अंबिकापुर शहर में एक निजी अस्पताल के बाहर चल रहे प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने पत्रकार सुशील कुमार बाखला के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य पत्रकारों को भी चोटें आईं। घटना के समय मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था और कोतवाली टीआई भी मौजूद थे, इसके बावजूद हमलावरों ने पत्रकार को निशाना बना लिया।

घटना के बाद सरगुजा प्रेस क्लब सहित जिलेभर के पत्रकार बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल अधिकांश लोग भाजपा से जुड़े थे और एक वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे, जिसके चलते पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला।धरने की सूचना पर कांग्रेस नेता आदितेश्वर शरण सिंहदेव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर पुलिस की मौजूदगी में हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

पत्रकार बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के गेट पर धरने पर

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी और सीएसपी भी थाने पहुंचे। मारपीट का वीडियो देखने के बाद पुलिस ने पत्रकार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(R-S) और 3(2)(V) के तहत अरुणेंद्र प्रताप सिंह, आकाश सिंह और बडू सिंह के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।एफआईआर दर्ज होने के बाद पत्रकारों ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना के दौरान मौजूद जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग जारी रखी है।

क्या था पूरा मामला?

शहर के लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल के बाहर लगे ट्रांसफॉर्मर को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। रिहायशी इलाके में ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने का विरोध करते हुए लोगों ने नारेबाजी की। दिनभर चले विरोध के बाद शाम को दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर एसडीएम, एएसपी, सीएसपी सहित पुलिस और राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसी दौरान घटनाक्रम की कवरेज कर रहे पत्रकार पर हमला कर दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!