
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गोधनपुर और राजेंद्रनगर क्षेत्र के सुने मकानों में हुई चोरी के मामलों में सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार गोंधनपुर निवासी प्रवीण कुमार टोप्पो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 नवंबर 2024 को वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। लौटने पर उसने पाया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ था और घर से सोने-चांदी के गहने तथा लैपटॉप चोरी हो गए हैं। इसी तरह, राजेंद्रनगर निवासी राजेंद्र प्रसाद गौतम ने भी शिकायत दर्ज कराई कि जब वह रीवा से वापस लौटा तो उसके मकान का ताला टूटा मिला और सोने-चांदी के गहने, नगदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी हो गए थे। दोनों मामलों में थाना गांधीनगर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस ने दौरान विवेचना सागर सिंह चौहान, प्रहलाद वासुदेव, शांति सिंह एवं अंकित गुप्ता को पूर्व में ही गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उन्होंने गोंधनपुर एवं राजेंद्रनगर के सुने मकानों से भी चोरी की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए गहनों और अन्य सामान को प्लास्टिक डब्बे में भरकर अपने घर के किचन में गड्ढा खोदकर छुपाया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक सोने की चेन, एक सोने का कंगन, एक सोने का हार, एक जोड़ी झुमके, सात अंगूठियां, चांदी के सिक्के, एक एनटीपीसी का बड़ा सिक्का, एक केसियो और एक लैपटॉप बरामद किए हैं।
आरोपियों को पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद पुनः न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, साइबर सेल प्रभारी शिशिरकान्त सिंह, उप निरीक्षक नवल दुबे, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।