जशपुर: जशपुर जिले में मृतक जमीन मालिक के नाम पर फर्जी पॉवर ऑफ अटर्नी बनाकर जमीन बेचने की तैयारी कर रहे भू माफियाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महेश राम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता  सोमरा राम की मृत्यु वर्ष 2014 में हो चुकी है। बावजूद इसके कुछ भू माफियाओं ने जाली दस्तावेज तैयार कर मृतक के नाम से कुनकुरी उप पंजीयक कार्यालय में पॉवर ऑफ अटर्नी बनवा ली। इस आधार पर वे कृषि भूमि बेचने की तैयारी कर रहे थे। शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद थाना कुनकुरी में भादवि की धारा 420, 467, 468, 471 व 120(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी आनंद खलखो, जितेंद्र कुमार शर्मा, रामलाल और अघनु राम ने मिलकर मृतक के नाम से जाली आधार कार्ड बनवाया था। इसमें नाम तो सोमरा राम का था पर फोटो अघनु राम का लगाया गया था। इसके बाद आरोपी अघनु राम खुद को सोमरा राम बताकर उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी में पेश हुआ और पॉवर ऑफ अटर्नी संबंधी दस्तावेज पर फर्जी हस्ताक्षर किए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा (34) निवासी दरबारी टोली जशपुर और अघनु राम (58) निवासी टंगरा टोली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, मुख्य आरोपी आनंद खलखो और रामलाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

इस मामले की जांच में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक चन्द्र शेखर बंजारे और प्रवीण टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जाल साजी कर, मृत व्यक्ति की ओर से फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर, जमीन की पॉवर ऑफ अटर्नी लेने के मामले में पुलिस ने दो भू माफियाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, दो आरोपी फरार है, जिनकी पता साजी जारी है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!