जशपुर: जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ के गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना के चंद घंटों के भीतर 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 35 वर्षीय भतीजी एवं 13 वर्षीय नाबालिक बेटी 17 फरवरी को मेहमानी से लौटते समय रास्ते में नौ युवकों द्वारा छेड़छाड़ का शिकार हुईं। भयभीत होकर भतीजी घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। बाद में नाबालिक पीड़िता ने बताया कि आरोपियों में से एक ने उसे जबरन दूर ले जाकर जमीन पर पटक कर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी दूरी पर खड़े रहे। घटना की जानकारी गांव में फैलने पर आरोपियों ने मामले को दबाने के लिए पैसों का प्रलोभन और जान से मारने की धमकी भी दी।प्रार्थी की शिकायत पर थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23 वर्ष) सहित कुल 9 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। बालिग आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि किशोर आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!