


LPG Crisis Offer : इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है, जहां गैस सिलेंडर की कमी से लोग परेशान हैं। घरेलू और कमर्शियल दोनों ही गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसके चलते कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
इसी बीच एक रेस्टोरेंट ने इस संकट के बीच बेहद दिलचस्प और अनोखा ऑफर पेश किया है। ऑफर के मुताबिक, अगर कोई ग्राहक रेस्टोरेंट को गैस सिलेंडर देता है, तो उसे पूरे महीने मटन और चिकन बिरयानी मुफ्त में खिलाई जाएगी। इस अनोखे प्रस्ताव ने फूड लवर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
LPG Crisis Offer देने वाला यह रेस्टोरेंट तमिलनाडु के होसुर में स्थित ‘ईरोड अम्मायी मेस’ है। रेस्टोरेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “खाना बनाने में मदद करिए, हम आपको खाना खिलाएंगे।” दरअसल, गैस की कमी के कारण कई होटल और ढाबे बंद हो गए हैं, जबकि कुछ मुश्किल से काम चला पा रहे हैं।
रेस्टोरेंट के मैनेजर अशोक के अनुसार, यह आइडिया किसी कर्मचारी का नहीं, बल्कि पुराने ग्राहकों का है। खास बात यह है कि गैस इस्तेमाल के बाद खाली सिलेंडर ग्राहकों को वापस कर दिया जाता है।
पिछले 15 दिनों में करीब 6 लोग सिलेंडर लेकर पहुंचे, लेकिन उन्होंने महीने भर मुफ्त बिरयानी का लाभ नहीं उठाया। वे सिर्फ कुछ बार ही बिरयानी खाकर चले गए। मैनेजर का कहना है कि लोग ऑफर के लिए नहीं, बल्कि मुश्किल समय में मदद की भावना से सिलेंडर दे रहे हैं।

































