इंदौर। टीवी अभिनेत्री रेमन कक्कड़ द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है। शराब कारोबारी सूरज रजक अब खुलकर सामने आए हैं और पूरे मामले पर अपनी बात रखी है। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर बिना अनुमति शराब दुकान खोली जा रही है, जबकि रजक ने इन आरोपों को खारिज किया है।

50 लाख सालाना किराए का दावा

सूरज रजक का कहना है कि जमीन को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत हुई थी। उनके मुताबिक, रेमन कक्कड़ के भाइयों और मां की मौजूदगी में 50 लाख रुपये सालाना किराए पर जमीन देने की सहमति बनी थी। हालांकि लिखित समझौता नहीं किया गया था।

रिंग रोड विस्तार में पहले ही दी जा चुकी जमीन

जानकारी के अनुसार, यशवंत निवास रोड पर अभिनेत्री का पुश्तैनी मकान है, जबकि देवास नेक चौराहे के पास करीब सवा चार हेक्टेयर जमीन है। इस जमीन का एक हिस्सा पहले ही रिंग रोड विस्तार के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण को दिया जा चुका है।

बिना अनुमति निर्माण का आरोप

अभिनेत्री पक्ष का आरोप है कि जमीन देने से इनकार के बावजूद सूरज रजक ने वहां लोहे के खंभे लगाकर टीन शेड डालना शुरू कर दिया। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, रेमन कक्कड़ मौके पर पहुंचीं और विरोध जताया।

जमीन को बताया विवादित

दूसरी ओर रजक का दावा है कि संबंधित जमीन पहले से विवादित है और इस पर अदालत में मामला लंबित है। उनका कहना है कि परिवार के भीतर ही मतभेद हैं और इसी कारण उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

मामले की सूचना मिलते ही लसुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेमन कक्कड़ की शिकायत के आधार पर सूरज रजक के खिलाफ जमीन कब्जे से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

कारोबारी का दावा, नियमों के तहत ही चलता है काम

सूरज रजक ने कहा कि उनकी दुकान पूरी तरह वैध है और बिना अनुमति किसी भी स्थान पर संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास जगह की कोई कमी नहीं है और विवाद के बाद दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।

विवाद ने पकड़ा सियासी और सामाजिक रंग

गौरतलब है कि सूरज रजक को शहर में एक प्रभावशाली कारोबारी माना जाता है और वे कई गतिविधियों से जुड़े हैं। ऐसे में यह विवाद अब सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बनता जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!