


इंदौर। इंदौर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए मतदान बुधवार को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा रहा है। इस साल एलएलएम परीक्षा के चलते मतदान के लिए एक घंटा अतिरिक्त दिया गया है। वकीलों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद रात 11 बजे तक रिजल्ट आने की संभावना जताई जा रही है।
5 पदों के लिए 23 प्रत्याशी मैदान में
बार एसोसिएशन के 5 प्रमुख पदों के लिए कुल 23 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष के लिए 5, सचिव के लिए 3, सह सचिव के लिए 2 और कार्यकारिणी सदस्यों के 5 पदों पर 8 उम्मीदवार हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मनीष यादव और गौरव श्रीवास्तव पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं और पिछली बार कम अंतर से हार गए थे। इस कारण इस बार दोनों का मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है।
महिला मतदाता और आरक्षण का मुद्दा
इस साल महिला मतदाता संख्या में अधिक हैं, लेकिन बार चुनाव में अब तक उनका कोई प्रतिनिधित्व नहीं था। महिला वकीलों का कहना है कि इस बार महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव रखा गया है। यदि यह लागू होता है, तो अगली बार महिला सदस्य का पद सुनिश्चित होगा।
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को लुभाने के लिए लंबी लाइन में खड़े हैं। वहीं, कोर्ट की सुनवाई भी नियमित रूप से जारी है और जिन मामलों की तारीख है, उनकी सुनवाई हो रही है।































