जशपुर: जशपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में पिता द्वारा अपनी ही बेटी की हत्या करने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम जामटोली की है, जहां घर निर्माण को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 की दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) अपने घर पहुंचा और अपनी बेटी बिंदिया लकड़ा (23 वर्ष) से मकान निर्माण के लिए ईंट-गिट्टी मंगवाने या पैसे देने की बात को लेकर विवाद करने लगा। बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और उसने घर के पास नए मकान की नींव खुदवाकर बालू-रेत डलवाई थी।

बताया जा रहा है कि पैसों और निर्माण सामग्री को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान आरोपी पिता ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिंदिया लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।मामले की सूचना पर मृतका की बहन अनुषा लकड़ा (22 वर्ष), निवासी अंबाटोली ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी लौरेस लकड़ा के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया।पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया, शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट बताया है।त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी आरोपी के कब्जे से जब्त कर ली गई है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, उमेश मिंज, आरक्षक अशोक कंसारी, अमित एक्का तथा नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!