


अंबिकापुर: सरगुजा में आर्म्स एक्ट के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालक समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को 22 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केनापारा बांध स्थित मानस मेंस पार्लर के पास कुछ युवक अवैध देशी कट्टा और कारतूस बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।मौके पर एक एक्टिवा स्कूटी में तीन युवक संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पियूष दुबे (18 वर्ष 3 माह), निवासी बौरीपारा दारू भट्टी रोड अंबिकापुर, आकाश दास (19 वर्ष), निवासी केनाबांध बंगाली चौक अंबिकापुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक होना बताया।तलाशी के दौरान पियूष दुबे के कब्जे से एक देशी कट्टा, आकाश दास के पास से एक जिंदा कारतूस तथा बालक के पास से स्कूटी क्रमांक JH/01/EN/5073 जब्त की गई। हथियार संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।इस मामले में थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 117/26 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
































