

कोरिया: कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 भैंसों को बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजेश साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 7 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने चौकी रामगढ़ अंतर्गत ग्राम उज्ञांव में दबिश दी। मौके पर आरोपी बहादुर सिंह (56 वर्ष) के कब्जे से 17 भैंसे बरामद किए गए, जिन्हें अमानवीय तरीके से रस्सियों से बांधकर रखा गया था।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इन भैंसों को अवैध रूप से बुचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि पी.पी. सिंह एवं झारखंड निवासी मकसूद द्वारा ट्रक के माध्यम से इन पशुओं को लाकर यहां छिपाया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी भैंसों को जब्त कर लिया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पशु तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

































