


रायपुर। रंगोत्सव के मद्देनजर राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने वालों पर इस बार आसमान से लेकर सड़क तक कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं, जो लगातार कंट्रोल रूम को लाइव फीड भेजेंगे।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर को तीन सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है। किसी भी प्रकार की सूचना या विवाद की स्थिति में पुलिस बल को पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के दौरान 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये जवान सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी पर रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शहर में 60 से अधिक चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां 500 यातायात जवान तैनात रहेंगे।
पुलिस का मुख्य फोकस शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइकर्स और तीन सवारी घूमने वालों पर रहेगा। ड्रिंक एंड ड्राइव या ट्रिपल राइडिंग में पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर सीधे थाने भेजा जाएगा और चालक को पैदल घर लौटना पड़ सकता है।
अवैध नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय विशेष टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी। यह टीम शराब और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखेगी।
कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि ड्रोन से की जाने वाली रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
































