

सक्ती : जिले में पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार होने का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैजैपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद एसपी ने तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र पटेल के खिलाफ चोरी से जुड़े मामले में आईपीसी की धारा 454 और 380 के तहत केस दर्ज था। उसे नैला-जांजगीर चौकी से पूछताछ के लिए बुधवार रात करीब 9 बजे जैजैपुर थाने लाया गया था। आरोपी की निगरानी के लिए एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
इसके बावजूद लापरवाही इतनी बड़ी रही कि पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार हो गया। जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने प्रधान आरक्षक अनूप खलखो समेत तीन आरक्षक—रामनिवास उरांव, ब्रजसैन लहरे और कामता मार्चे—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
फिलहाल फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमों को सक्रिय कर दिया है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

































