अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के चौथे दिन कुश्ती स्पर्धाओं की शुरुआत हुई। स्थानीय गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले, जिसके बाद कई खिलाड़ियों ने फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है।

पुरुष फ्रीस्टाइल सीनियर वर्ग के 74 किलोग्राम भारवर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन और महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार ने फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, 125 किलोग्राम भारवर्ग में तेलंगाना के बनोथ विनोदकुमार और महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलकार के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। ग्रीको-रोमन शैली के 67 किलोग्राम वर्ग में गुजरात के वसावा मुकेशभाई और झारखंड के अंजीतकर मुंडा फाइनल में पहुंच गए हैं, जबकि 97 किलोग्राम वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार का मुकाबला जम्मू-कश्मीर के शमा हुन से होगा।

महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवाया। सीनियर 50 किलोग्राम भारवर्ग में झारखंड की पूनम ओरांव और तेलंगाना की के. गीता ने फाइनल का टिकट कटाया। इसके अलावा 62 किलोग्राम भारवर्ग में असम की देबी दैमारी और हिमाचल प्रदेश की प्रियंका चौधरी के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला खेला जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, पहले दिन के रोमांचक परिणामों ने आगामी मुकाबलों के प्रति खेल प्रेमियों का उत्साह दोगुना कर दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!