
बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रवास के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में जल संचयन, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि को बढ़ावा, टीबी उन्मूलन, पीएम जनमन व जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ सचिव सीआर प्रसन्ना उपस्थित थे।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिले में विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण के लिए अमृत सरोवर सहित विभिन्न ढांचों का निर्माण, टीबी उन्मूलन के लिए निक्षय निरामय, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण सहित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों पर बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने बताया कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त करने एवं आजीविका संवर्धन के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक शबैंकर वैभव रमनलाल ने बताया कि जिले में नशा उन्मूलन के लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशे के अवैध व्यापार करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ तेज गति से वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी, सीट बेल्ट, नाबालिकों द्वारा वाहन चलाने, शराब सेवन कर वाहन चलाने जैसे 06 पैरामीटर पर पुलिस द्वारा लगातार चालानी कार्यवाही की जा रही है।
राज्यपाल रमेन डेका ने घटते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए जल स्तर बढ़ाने विशेष प्रयास करने, जल संचयन के लिए प्रेरित करने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की बात की। साथ ही उन्होंने जिले में तालाब एवं डबरी निर्माण की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्माण से पहले वहां का जल स्तर और निर्माण के बाद हुए जल स्तर की वृद्धि का माप अवश्य करें, ताकि इनके निर्माण की सार्थकता का पता चल सके।
राज्यपाल श्री डेका ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा महिलाओं के आजीविका संवर्धन के लिए विशेष प्रयास करने एवं नवाचार अपनाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंचों के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने ओडीएफ गांवों के संबंध में जानकारी लेते हुए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करने कहा। राज्यपाल श्री डेका ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी का विस्तार करने एवं अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की बात कही। राज्यपाल ने जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित नशामुक्ति केन्द्र के संचालन के संबंध में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिये।
राज्यपाल श्री डेका ने जिल में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए चालाए जा रहे विशेष अभियान पीएम जनमन योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इसके सभी प्रमुख बिंदुओं पर विभागीय समन्वयन से अपेक्षित प्रगति लाएं। उन्होंने बढ़ती सड़क दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर उचित रोक लगाने एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कार्यों का विश्लेषण करने तथा जनहित के लिए पूरी संवेदना और सहभागिता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल श्री डेका को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अशोक तिवारी, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल. सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।