


रायगढ़; मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उड़ीसा से कार में गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, एक मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 17 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों ने फिल्म Pushpa: The Rise की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट में गुप्त चेंबर बनाकर गांजा छुपाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार (CG-13-UG-9683) में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की।शाम करीब 6 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगे। पुलिस की तत्परता से वाहन को रोक लिया गया। वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद (34) और महेन्द्र प्रसाद चौहान (40) बताया।वाहन की बारीकी से जांच करने पर दरवाजों और बैक लाइट में बनाए गए विशेष चेंबर से कुल 29.115 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। श्रवण निषाद से 19.033 किलो और महेन्द्र चौहान से 10.082 किलो गांजा जब्त हुआ। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर ने उन्हें प्रति 10 किलो गांजा पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया था। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर उसे सौंपने जा रहे थे।थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
































