


जशपुर: जशपुर जिले के थाना बागबहार क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता को अचेत अवस्था में सड़क किनारे मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई।
जानकारी के अनुसार पीड़िता 16 फरवरी 2026 की रात अपने गांव में आयोजित नाटक कार्यक्रम देखने गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों व रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान 17 फरवरी की रात बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे वह अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे स्थानीय शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएचसी पत्थलगांव रेफर किया गया। फिलहाल पीड़िता का इलाज वहीं जारी है।
इलाज के दौरान पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि नाटक देखकर वह पैदल घर लौट रही थी, तभी रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल में बैठाया और जबरन जंगल की ओर ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर पहले थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 138, 70 (2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत शून्य में मामला दर्ज किया गया।चूंकि घटना थाना बागबहार क्षेत्र की है, इसलिए केस को वहां स्थानांतरित कर अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों की पता तलाश हेतु डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तकनीकी एवं स्थानीय थाना से विशेष टीम गठित की गई है। मामले की जांच व आरोपियों की पता साजी जारी है। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा।
































