

बलरामपुर/राजपुर। छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ की राजपुर ब्लॉक इकाई का गठन जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। संगठन विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से की गई इस पुनर्गठन प्रक्रिया में शिक्षिका दीपिका सिंह पूर्व माध्यमिक शाला कोटडीह को संघ के महिला प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति प्रांतीय इकाई के निर्देशानुसार तथा संघ के संविधान में प्रदत्त शक्तियों के तहत आगामी नियुक्ति तक के लिए की गई है।
नियुक्ति के साथ जारी शर्तों में यह स्पष्ट किया गया है कि उनका कार्यकाल 2 वर्ष का होगा, जिसे परिस्थितियों अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। नियुक्ति अवधि में वे प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक इकाई के निर्देशों के प्रति पूर्णतः उत्तरदायी रहेंगी तथा ब्लॉक क्षेत्र में संगठन का विस्तार एवं गतिविधियों का संचालन उनकी जिम्मेदारी होगी।

दीपिका सिंह वर्तमान में पूर्व माध्यमिक शाला कोटडीह में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन एवं योगदान के लिए पूर्व में उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा ‘ज्ञानदीप पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी नियुक्ति पर पदाधिकारियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए कहा कि नवगठित ब्लॉक इकाई शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण एवं संगठन की मजबूती के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी। वहीं, श्रीमती सिंह ने संगठन हित में सक्रिय, पारदर्शी एवं जिम्मेदार कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।






















