


बिहार : के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में पहली बुलेट ट्रेन जल्द चलने वाली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह ट्रेन बिहार के लिए गेम चेंजर साबित होगी। राज्य में रेलवे विकास के लिए 10,379 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जो कनेक्टिविटी, आधुनिक रेल अवसंरचना और रोजगार को बढ़ावा देगा।
बुलेट ट्रेन वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक जाएगी। केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया कि इस हाई-स्पीड ट्रेन के आने से यात्रा का समय नाटकीय रूप से घट जाएगा। वाराणसी से सिलीगुड़ी का 14-16 घंटे का सफर अब केवल 2 घंटे 55 मिनट में तय हो सकेगा। ट्रेन की रफ्तार 300 से 350 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। यात्रा के दौरान बुलेट ट्रेन पटना के अलावा बक्सर, आरा, कटिहार और किशनगंज जैसे स्टेशनों पर भी रुकेगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में पेश किए गए यूनियन बजट में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी, जिसमें वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर भी शामिल है। यह परियोजना न केवल बिहार की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
वर्तमान में बिहार में 14 वंदे भारत और 21 अमृत ट्रेनें चल रही हैं, लेकिन बुलेट ट्रेन के आगमन से राज्य की यात्रा रफ्तार और सुविधा दोनों में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। इस हाई-स्पीड ट्रेन से बिहार के लोगों को आधुनिक रेल तकनीक का अनुभव मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
































