(अभिषेक सोनी) बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के शासकीय महाविद्यालय राजपुर में यूथ रेडक्रॉस इकाई द्वारा बुधवार को प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सही प्राथमिक उपचार की जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. खेमलता सिंह, चिकित्साधिकारी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को दुर्घटना, हार्ट अटैक, सर्पदंश, डॉग बाइट, विद्युत आघात, पानी में डूबना तथा आग से जलने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही फर्स्ट ऐड किट के उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीतन राम पैकरा के स्वागत उद्बोधन से हुई। यूथ रेडक्रॉस इकाई के प्रभारी मनीष कुमार यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।डॉ. खेमलता सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सरल और सहज भाषा में उत्तर देते हुए उन्हें आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से कार्य करने की सीख दी। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर मनोज खलखो द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही सभी प्राध्यापक एवं कार्यालयीन स्टाफ की भी सक्रिय सहभागिता रही। प्रशिक्षण कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूकता एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!