रायगढ़: रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर नकेल कसने रायगढ़ पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना जूटमिल पुलिस ने सट्टा लिखने वाली एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 फरवरी 2026 को ग्राम अमलीभौना स्थित इंदिरा आवास में दबिश दी। यहां सट्टा-पट्टी लिखते हुए महिला रूपा लहरे (38 वर्ष), पति राजू लहरे, निवासी अमलीभौना इंदिरा आवास, थाना जूटमिल को पकड़ा गया।पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह 5 प्रतिशत कमीशन पर कागज पर सट्टा-पट्टी लिखती थी और मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन दांव भी लगवाती थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी लिखा कागज, रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, 37,500 नगद तथा एक चालू डॉट पेन जब्त किया है। महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 06(ए), 7 छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक क्लोस्टिका खरे, शिव वर्मा तथा आरक्षक धनेश्वर उरांव, शशिभूषण साहू और जितेश्वर चौहान की अहम भूमिका रही।

एसएसपी  शशि मोहन सिंह ने सट्टा-पट्टी लिखने वालों और खाईवालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे अवैध गतिविधियां छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। रायगढ़ पुलिस जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!