

दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की आत्महत्या मामले में पुलिस ने ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय तरन्नुम खोखरके रूप में हुई है, जिसने 22 सितंबर की रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तरन्नुम खोखर कृष्णा ग्रैंड सिटी के सामने शीतला कॉलोनी, कोहका की निवासी थी। उसका विवाह वर्ष 2016 में शाहरुख खोखर। से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ससुर शकील खोखर, सास शहनाज खोखर, जेठ हैदर खोखर और जेठानी बुसरा खोखर उसे छोटी-छोटी बातों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
जांच में यह बात सामने आई कि करीब तीन वर्ष पूर्व ससुराल वालों ने तरन्नुम के पति के नाम पर मोबाइल की दुकान खोलने के लिए 30 से 35 लाख रुपये का कर्ज लिया था। किस्तें समय पर न चुकाने पर घर में अक्सर विवाद होता था और ससुराल पक्ष तरन्नुम को जिम्मेदार ठहराते हुए ताने देते थे। आर्थिक और मानसिक दबाव से परेशान होकर तरन्नुम ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।घटना की सूचना पर सुपेला पुलिस ने मामले में पति शाहरुख खोखर, ससुर शकील खोखर, सास शहनाज खोखर, जेठ हैदर खोखर और जेठानी बुसरा खोखर के खिलाफ अपराध क्रमांक 1187/2025 दर्ज किया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 108 और 3(5)के तहत अपराध कायम किया गया है।
जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी ससुर शकील खोखर (55 वर्ष)और सास शहनाज खोखर (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।






















