Ujjain News: धुलेंडी के मौके पर उज्जैन जिले में आस्था और परंपरा का अनोखा नजारा देखने को मिला। जहां देशभर में लोग रंगों के साथ होली मना रहे थे, वहीं महिदपुर, घोंसला और तराना क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नत पूरी होने पर धधकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर आस्था व्यक्त की। इस दौरान कई भक्त अपने छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर भी जलते अंगारों से गुजरते नजर आए, जबकि कुछ बच्चे खुद भी अंगारों पर चलते दिखाई दिए।

धुलेंडी के अवसर पर महिदपुर के धुर्रजटेश्वर महादेव मंदिर, घोंसला के मनकामनेश्वर महादेव मंदिर और तराना स्थित महादेव मंदिर में पारंपरिक ‘चूल’ का आयोजन किया गया। इस परंपरा के तहत श्रद्धालु जलते अंगारों पर चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। स्थानीय मान्यता है कि इस अनुष्ठान को करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

इस आयोजन के लिए मंदिर परिसर के सामने विशेष रूप से अग्निकुंड तैयार किया गया। घोंसला में मनकामनेश्वर महादेव मंदिर के सामने हर साल की तरह इस बार भी करीब 30 से 35 फीट लंबा और लगभग चार फीट चौड़ा गड्ढा बनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई और उसमें लकड़ियां रखकर मंदिर के अखंड दीप से अग्नि प्रज्वलित की गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!