अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर कृष्णा सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 5.135 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम एवं जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम लखनपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नवापारा अमगसी निवासी कृष्णा सिंह के घर भारी मात्रा में गांजा रखा हुआ है।
सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने तत्काल आरोपी के होटल और घर पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही कृष्णा सिंह मौके से भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में एक बाल्टी में रखे दो पॉलीथीन से 5.135 किलो गांजा बरामद किया गया।आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी कृष्णा सिंह लंबे समय से गांजा तस्करी में लिप्त रहा है और पहले भी दो बार जेल जा चुका है, इसके बावजूद वह अवैध धंधा जारी रखे हुए था।उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा सूखे नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जा रही है और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू, आकाश साहू एवं अनिल गुप्ता का विशेष योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!