MP News: भोपाल में GRP पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर इंजीनियर चोर को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पुणे यूनिवर्सिटी से बीटेक पास है और निजी कंपनियों में इंजीनियर के तौर पर काम कर चुका है। इतना ही नहीं, वह दो बार लंदन में भी नौकरी कर चुका था, लेकिन हालात ऐसे बदले कि पढ़ा-लिखा इंजीनियर चोरी की राह पर उतर आया।

पुलिस के अनुसार, नौकरी छूटने के बाद आरोपी ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग की लत का शिकार हो गया। इसमें भारी रकम हारने के बाद आर्थिक तंगी बढ़ी और इसी के चलते उसने ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी एसी कोच में सफर कर रही महिलाओं को टारगेट करता था और उनके पर्स व कीमती गहने चुरा लेता था।

भोपाल रेल एसपी राहुल लोढ़ा ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रांजल दीक्षित, निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें सोने का मंगलसूत्र, दो चेन, एक जोड़ी झुमके और दो लेडीज अंगूठियां शामिल हैं।

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी। चार अलग-अलग मामलों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची। 20 जनवरी को आगरा से मुंबई जा रही राधजानी एक्सप्रेस के ए-1 कोच में भोपाल स्टेशन पर एक महिला यात्री का पर्स चोरी होने के मामले ने जांच को निर्णायक दिशा दी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने चार चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल GRP भोपाल उससे आगे की पूछताछ कर रही है और अन्य मामलों से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!