


रायपुर : (ग्रामीण) क्षेत्र में बिजली तार चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में एल्यूमिनियम कंडक्टर बरामद किया गया है।
विद्युत पोल तोड़कर की गई चोरी
मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है, जहां कोल्हाल नाला के पास कुंडा-बड़गांव रोड पर 11 केवी लाइन के छह बिजली पोल तोड़कर करीब 500 मीटर एल्यूमिनियम तार चोरी कर लिया गया। यह घटना 25 मार्च की शाम से देर रात के बीच उस समय हुई, जब लाइन शटडाउन पर थी।
विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर लिमिटेड के कनिष्ठ यंत्री जितेन्द्र सिंह मरई ने 28 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर कबाड़ी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर ग्राम बाहनाकाड़ी निवासी कबाड़ी जगमोहन नारंग के ठिकाने पर दबिश दी गई।
दो क्विंटल से ज्यादा तार बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2 क्विंटल 25 किलोग्राम एल्यूमिनियम तार जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी ने कबूला खरीद का सच
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 25 मार्च की रात दो अज्ञात व्यक्ति चार पहिया वाहन से आए और उसे यह तार बेचकर चले गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

































