


MP News: इंदौर से होली के दिन एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां पूरे देश में लोग रंगों और खुशियों के साथ होली मना रहे हैं, वहीं इंदौर में जश्न के बीच एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि शराब का छोटा पैग बनाने को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
यह घटना इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र स्थित शिव पार्वती नगर की है। जानकारी के अनुसार पालदा निवासी 20 वर्षीय आदित्य अपने कुछ दोस्तों के साथ होली का जश्न मना रहा था। इसी दौरान सभी लोग मिलकर शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि पैग छोटा बनाने की बात को लेकर आदित्य और उसके दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद झगड़े में बदल गया और मामला हिंसक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़ा बढ़ने के बाद आदित्य के 3 से 4 दोस्तों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सीने और छाती पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल आदित्य को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में अरुण नाम के एक युवक से विवाद होने की बात सामने आई है।
































