अंबिकापुर:  सरगुजा में मेडिकल दुकान की आड़ में संचालित हो रहे नारकोटिक्स दवाओं के अवैध कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये का समान जब्त किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में की गई।

पुलिस को 31 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि फुन्दुरडिहारी स्थित सिद्धी विनायक मेडिकल स्टोर का संचालक संदीप कुमार चौहान नशीली कफ सिरप और इंजेक्शन की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर संचालित करता है और कोडीन युक्त कफ सिरप व अन्य नशीली दवाओं का अवैध व्यापार करता रहा है।आरोपी ने यह भी बताया कि 30 मार्च को वह एजेंसी से करीब 100 नग “कॉफर-सी” नामक कोडीन युक्त कफ सिरप खरीदकर अपनी कार (CG 13 UG 9338) में लेकर आया था, जिसमें से कुछ बिक्री कर बाकी स्टॉक कार में ही रखा हुआ था। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में कार की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 95 नग कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा अल्प्राजोलाम टैबलेट के खाली रैपर, इंजेक्शन के खाली वायल और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी मेडिकल दुकान की आड़ में लंबे समय से नारकोटिक्स दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा था।पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामग्री के साथ घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 170/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह, आरक्षक राहुल सिंह, विकास सिंह, अमृत सिंह, रमन मंडल एवं घनश्याम देवांगन की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!