


जशपुर: नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत बोरोझरिया जंगल में की गई, जहां तस्कर उड़ीसा से गांजा लाकर जशपुर में बिक्री की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान कर पुलिस तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार 07 फरवरी 2026 की सुबह चौकी आरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार (CG-13-AM-9231) से गांजा तस्करी कर जशपुर की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर डीआईजी व एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बीरोपानी–काशीबंध जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान काशीबंध की ओर से आती क्रेटा कार को घेराबंदी कर रोका गया। कार में सवार तीन संदिग्धों में से एक पुलिस को देखकर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। शेष दो को हिरासत में लेकर जब वाहन की तलाशी ली गई तो पीछे की डिग्गी में दो बोरियों में रखे 50 पैकेटों में कुल 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहरूख शाह (34), निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर तथा तारिक अंसारी (27), निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने गांजा को उड़ीसा से लाकर जशपुर में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार भी जब्त कर ली है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चौकी आरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी भावेश समरत, निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, एएसआई चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन आघात आगे भी जारी रहेगा।
































