


अंबिकापुर : सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बतौली पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दोनों वाहन चालकों पर कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना बतौली पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो दोपहिया वाहन चालकों को रोका।जांच के दौरान बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG/14/MQ/7584 के चालक कुलदीप ठाकुर (20 वर्ष), निवासी खड़धोवा, थाना बतौली तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/DP/7607 के चालक सुपील नागेश (34 वर्ष), निवासी डहौली, थाना लुंड्रा को संदिग्ध स्थिति में पाया गया। दोनों चालकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें वे शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए।इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने दोनों वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगरके नेतृत्व में आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा और राजेश खलखोकी अहम भूमिका रही।































