


MP News Rewa : से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रीवा जिले में जिला बदर का एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा में हथकड़ी लगे हाथों के साथ रील बनवाता नजर आया। यही नहीं, यह वीडियो उसी आरोपी के मोबाइल से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। हैरानी की बात यह है कि वायरल वीडियो में आरोपी के साथ एक पुलिस आरक्षक भी मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, सेमरिया थाना क्षेत्र के बुसौल गांव निवासी शिवम सिंह एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मंगलवार को सेमरिया पुलिस ने उसे धारा 327 के एक प्रकरण में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया था। इसी दौरान पुलिस अभिरक्षा में उसका वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के माध्यम से आरोपी यह संदेश देता दिख रहा है कि उसे जेल या कानून का कोई डर नहीं है।
वायरल वीडियो में आरोपी हथकड़ी पहने हुए कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज देता नजर आता है। उसके हाव-भाव यह सवाल खड़ा करते हैं कि क्या अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है। साथ ही, वीडियो में मौजूद पुलिस आरक्षक की मुस्कान पुलिस और अपराधियों के बीच संभावित लापरवाही या सांठगांठ की ओर इशारा करती है।
































