छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जगत में एक दुखद खबर सामने आई है। जशपुर के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व बीजेपी विधायक जागेश्वर राम भगत का 77 वर्ष की उम्र में जिला अस्पताल जशपुर में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद हालत बिगड़ने पर उपचार के दौरान उनकी अंतिम सांस चली गई।

समाज सेवा में निभाया अहम योगदान
जागेश्वर राम भगत न केवल एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि रहे, बल्कि आदिवासी समाज के उत्थान में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। वे वनवासी कल्याण आश्रम सरहुल समिति के अध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक आदिवासी कल्याण और सामाजिक विकास के लिए सक्रिय रहे। उनके निधन की खबर से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है।

सरल, मिलनसार और समर्पित नेता के रूप में याद किए जाएंगे
स्थानीय लोग और समर्थक उन्हें उनकी सरलता, मिलनसार स्वभाव और समाज के प्रति समर्पण के लिए याद कर रहे हैं। जागेश्वर राम भगत के नेतृत्व और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक
पूर्व विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!