दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए झारखंड के कोडरमा जिले से आरोपी मुकेश कुमार सिंह (51) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ देश के कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं और उसने ऑनलाइन लालच देकर लाखों रुपये ठग लिए।

पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच मुकेश कुमार सिंह ने बचेली थाना क्षेत्र के शिकायतकर्ता और उसके साथियों से “टास्क पूरा करने पर रकम डबल” करने का लालच देकर कुल 7,91,547 रुपये ठग लिए। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में भी मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम ने फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपी तक पहुँच बनाई। 10 मार्च 2026 को झारखंड और बिहार में छापेमारी के बाद कोडरमा जिले के जयनगर निवासी मुकेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, ATM कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 10,000 रुपये नगद बरामद किए गए।

मुकेश कुमार सिंह को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों से संपर्क कर रही है।

दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, OTP या बैंकिंग जानकारी को साझा न करें और ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!