


अंबिकापुर: मैनपाट महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को दंगल प्रतियोगिता का फैसला हुआ। पहलवानों ने जीत के लिए दमखम दिखाया, महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में कड़े मुकाबले के बाद विजेताओं का फैसला हुआ। छत्तीसगढ़ केशरी पुरूष वर्ग दंगल में 80 किग्रा से अधिक की श्रेणी में विजेंद्र पाल सिंह जीते, उपविजेता पहलवान सतपाल रहे। विजेता को 11 हजार रुपए और उपविजेता को 5100 रुपए की राशि से पुरस्कृत किया गया। छत्तीसगढ़ कुमार 80 किग्रा से कम श्रेणी में पवन जीते, उपविजेता मनीष यादव रहे। इस श्रेणी में विजेता को 5100 रुपए और उपविजेता को 2100 रुपए की राशि से पुरस्कृत किया गया।
इसी तरह महिला वर्ग 60 किग्रा से अधिक रानी लक्ष्मीबाई श्रेणी में संतोषी विजेता और आरती पाण्डेय उपविजेता रही। इस श्रेणी में विजेता को 5100 रुपए और उपविजेता को 2100 की राशि से पुरस्कृत किया गया। छत्तीसगढ़ दुर्गावती श्रेणी 60 किग्रा से कम में ग्रेसी पटेल जीती और दूसरे स्थान पर अंजली पाण्डेय रही। इस श्रेणी में विजेता को 5100 रुपए और उपविजेता को 2100 रुपए की राशि से पुरस्कृत किया गया।
































