


नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन ने बच्चों और युवाओं में बढ़ती डिजिटल लत की समस्या पर चिंता जताई। शुक्रवार को उच्च सदन में शून्य काल में यह मुद्दा उठाते हुए उन्होंने चेताया कि डिजिटल लत के कारण हर साल लगभग 20 हजार बच्चे आत्महत्या कर लेते हैं।
उन्होंने सरकार से इस संकट का तत्काल समाधान करने की मांग की।डेरेक ने कहा कि अध्ययनों से पता चलता है कि बच्चे और युवा प्रतिदिन आठ घंटे तक स्क्रीन और मोबाइल फोन पर बिता रहे हैं। यह साल में 100 दिनों से अधिक के बराबर है।
उन्होंने बताया कि 68 देशों ने पहले ही स्कूलों में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगा दिया है। डेरेक ने कहा, स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताने से नींद का पैटर्न बिगड़ता है, और मनोदशा में बदलाव आता है। डेरेक ने इस समस्या के समाधान के लिए सुझाव भी दिए।
डिजिटल लत से बचने के लिए डेरेक के सुझाव
फोन उठाने से पहले खुद से पूछें कि फोन क्यों उठा रहे हैं
फोन को छूने से पहले दस तक गिनती गिनें
उपकरणों को एक अलग कमरे में चार्ज करना
सोने से कम से कम दो घंटे पहले स्क्रीन से बचें

































