बलरामपुर: कलेक्टर  राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक  वैभव बेंकर ने आगामी दिनों में होने वाली धान खरीदी को देखते हुए उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश के सीमावर्ती धान खरीदी केन्द्रों व चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। धान खरीदी के अंतिम दिनों में बिचौलियों और कोचियों की सक्रियता बढ़ने की आशंका के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखें। धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर कलेक्टर श्री कटारा ने समिति प्रबंधकों से खरीदी व उठाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने धान के आवक से खरीदी प्रभावित न हो इस आशय से धान का सतत उठाव कराने  के निर्देश दिये। ताकि आगामी दिनों में होने वाली खरीदी प्रभावित न हो।

उन्होंने समिति प्रबंधक से धान विक्रय हेतु पंजीकृत कुल किसानों की संख्या तथा खरीदे गए धान की मात्रात्मक जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधक तथा नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अवैध धान पर सतर्कता बरतते हुए कोचियों तथा बिचौलियों कड़ी नजर रखें। उन्होंने धान खरीदी केंद्र में आए कृषकों से धान खरीदी के संबंध में चर्चा कर जाना कि  किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है इस दौरान उन्होंने समिति प्रबंधक को भी आवश्यक निर्देश दिए।

विभिन्न चेकपोस्ट का किया निरीक्षण

जिले में अवैध धान की आवक को रोकने और किसानों को सुगम खरीदी प्रक्रिया प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर  राजेंद्र कटारा एवं एसपी  वैभव बेंकर ने सीमावर्ती चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने  चेक पोस्टों में सुरक्षा व्यवस्थाओं  का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर एवं एसपी ने बलंगी बॉर्डर, धनवार , हल्दिमोड़, त्रिशूली एवं रामानुजगंज चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इन चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों को अवैध धान की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जाए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि रजिस्टर पंजी में वाहन का नाम, नंबर और आने का उद्देश्य अवश्य रूप से दर्ज करें। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और निर्देशित किया कि ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित रहें। उन्होंने चेक पोस्टों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने चेक पोस्टों पर सतर्कता बनाए रखने और अवैध धान की आवक पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!