अम्बिकापुर: सरगुजा ओलंपिक 2026 के शुभारंभ अवसर पर  विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने खिलाड़ियों को वॉलीबॉल भेंट कर खेल भावना को प्रोत्साहित किया।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सशक्त करियर विकल्प बन चुका है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और निखारने की है, जिस दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने बस्तर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के युवाओं में खेल के प्रति अद्भुत उत्साह और समर्पण देखने को मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता को एक अवसर के रूप में लें और अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। विष्णु देव साय ने कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन हार से निराश होने की बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत मिलने पर भी रुकना नहीं है, बल्कि अगले लक्ष्य के लिए और अधिक मेहनत करनी चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों ने भी राज्य सरकार के इस प्रयास की सराहना की। उनका कहना था कि सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से उन्हें न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है, बल्कि एक नई पहचान और भविष्य के लिए नई उम्मीद भी जगी है।यह आयोजन क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक नई दिशा और प्रेरणा का स्रोत बनता नजर आ रहा है, जिससे वे आने वाले समय में बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!