


गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित राजिम कुंभ मेला 2026 आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शाही स्नान के साथ संपन्न होगा। राजिम में सुबह से ही त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। आज शाही स्नान और विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ माघ पूर्णिमा से शुरू हुआ यह ऐतिहासिक मेला भव्य समापन की ओर बढ़ेगा।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। संतों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न होगा। त्रिवेणी संगम के तट पर पर्वस्नान, दान और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। नागा साधु, अखाड़ों के संत-महंत और महामंडलेश्वर भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। यज्ञ, धर्म-प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन को विशेष बनाएंगे।
राजिम कुंभ मेला 2026 ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ को धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में स्थापित किया है। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री का आज दो जिलों का दौरा भी प्रस्तावित है। वे पहले रायगढ़ पहुंचेंगे और कोसमनारा स्थित बाबाधाम में दोपहर 12:05 बजे महाशिवरात्रि पर्व स्थापना दिवस, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे रायपुर लौटेंगे और शाम 5:15 बजे रायपुर से राजिम के लिए रवाना होंगे। शाम 6 बजे वे राजिम कुंभ मेला 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे।
































