
बलरामपुर: राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छ. ग. रायपुर तथा कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा बलरामपुर के आदेशानुसार पीएमश्री सेजेस राजपुर के कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
इस हेतु विद्यार्थियों को संस्था के प्राचार्य अरविन्द गुप्ता के नेतृत्व में संभाग अंतर्गत कृषि विज्ञान एवं अनुसन्धान केंद्र अजिरमा अंबिकापुर, प्राचीन पुरातत्व संग्रहालय महेशपुर एवं प्रसिद्ध महाकवि कालीदास की रचना स्थली एवं सबसे प्राचीन नाट्यशाला सीताबेंगरा, जोगीमारा एवं हाथीखोल गुफा का भ्रमण किया।पीएमश्री सेजेस राजपुर के बच्चों ने सर्वप्रथम कृषि विज्ञान एवं अनुसन्धान केंद्र अजिरमा अंबिकापुर में मधुमक्खी पालन की प्रक्रिया एवं मशरूम उत्पादन की जानकारी प्राप्त किया उसके बाद कृषि महाविद्यालय के बगीचे में जाकर विभिन्न प्रकार के फल एवं फूलों के बारे में जानकारी प्राप्त किया। आगे विद्यार्थियों ने पुरातत्व स्थल महेशपुर में जाकर वहां पर 10वीं शताब्दी के प्राचीन शिव मंदिर का दर्शन किया और वहां पर खुदाई के दौरान निकले विभिन्न मूर्तियों एवं पत्थरों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त किया।शैक्षणिक भ्रमण के अंत में बच्चों ने रामगढ़ स्थित महाकवि कालीदास द्वारा रचित प्रसिद्ध पुस्तक मेघदूत की रचना स्थली एवं एशिया की सबसे पुरानी नाट्यशाला सीताबेंगरा- जोगीमारा एवं हाथीखोल गुफा का भ्रमण किया तथा उस स्थान के महत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में व्याख्याता जितेंद्र कुमार, अनिकेत सेन, रामेश्वर विश्वकर्मा, मानस हलदार व्यायाम शिक्षिका उषा गुप्ता, शिक्षक सुरेंद्र गुप्ता,आर. के. तिवारी, सुश्री रीमा तिर्की, अंजलि कुजूर,पूजा तिर्की, अंजू पाण्डेय, अलेक्स कुजूर एवं सहायक ग्रेड 02- मनोज गायगोवाल शामिल हुए।