


सूरजपुर: छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ सूरजपुर ने पत्रकार परिवार पर हुए कथित जानलेवा हमले और सबूत मिटाने के प्रयास को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने इस घटना को निंदनीय और चिंताजनक बताया है।
ज्ञापन के अनुसार ग्राम खड़गवा कला, जिला सूरजपुर में 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे जमीन संबंधी विवाद को लेकर कुछ दबंग व्यक्तियों ने तारा चक्रधारी, पति वीरेंद्र चक्रधारी के घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी दी। घटना की सूचना तत्काल खड़गवा चौकी में दी गई, लेकिन आरोप है कि शिकायत पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
संघ के मुताबिक अगले दिन 21 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 10 बजे आरोपी पुनः घर में घुस आए और लाठी-डंडों से बेरहमीपूर्वक मारपीट की। हमले के दौरान तारा चक्रधारी को जमीन पर पटक दिया गया तथा उनके कपड़े फाड़े गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति वीरेंद्र कुमार चक्रधारी को भी हाथ, पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। उनके साथ भी बाल पकड़कर जमीन पर पटकते हुए मारपीट की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन छीनकर उसे रीसेट कर दिया, जिससे घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य और महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए। संघ ने इसे स्पष्ट रूप से सबूत मिटाने का प्रयास बताया है।संघ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। वीरेंद्र चक्रधारी पेशे से पत्रकार हैं और संगठन के प्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष भी हैं। घटना के बाद उनका परिवार अत्यंत भयभीत है। संघ ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान डॉ. अजय चकधारी अध्यक्ष सरगुजा संभाग, नन्दलाल यादव उपाध्यक्ष सरगुजा संभाग, प्रदीप कुमार साहू जिलाध्यक्ष सूरजपुर, पुनेश्वर सिंह जिला महासचिव, नीरज सिंह कार्यकारी जिला अध्यक्ष, राजेंद्र पासवान जिला प्रवक्ता, प्रवीण कुमार साहू ब्लॉक अध्यक्ष भैयाथान, अनील साहू, दीपेश कुशवाहा ब्लॉक उपाध्यक्ष सूरजपुर और वीरेंद्र चक्रधारी ब्लॉक अध्यक्ष प्रतापपुर उपस्थित थे।
































